उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलराज्य

यमुना एक्सप्रेस-वेः किनारे खड़ी बस में भिड़ा कंटेनर, छह की मौत

लखनऊ (विजय मिश्र). सूबे के मथुरा जनपद में आज भीषण सड़क हादसा हो गया। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के हुए इस हादसे में आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना मथुरा जनपद के सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन संख्या 88 के समीप एक तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से हुआ। एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब पौने तीन बजे हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के नागलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक निजी बस के कुछ यात्रियों ने लघुशंका के लिए वाहन रोकने का अनुरोध किया था। चालक ने निर्धारित ग्रीन जोन में बस न रोकते हुए एक्सप्रेस-वे पर ही वाहन खड़ा कर दिया। इसी दौरान यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और उसके बाद नीचे खड़े यात्रियों को कुचल दिया।

इस हादसे में औरैया जनपद के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती जिले के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष सहित दो अन्य यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। वहीं औरैया जिले के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय मौसम पूरी तरह साफ था और दृश्यता भी सामान्य बनी हुई थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने तथा घायल को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

थाना प्रभारी सुरीर अजय कुमार ने बताया कि हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। मामले की जांच जारी है।

हादसे की सूचना पर एसएसपी मथुरा घायल का हाल जानने के लिए अस्पतालपहुंचा। उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे थाना सुरीर क्षेत्र में माईल स्टोन 88  (नोएडा से आगरा की तरफ) पर एक बस, जो कि दिल्ली से कानपुर देहात जा रही थी, को ट्रक कंटेनर द्वारा टक्कर मार दी गई, जिसमें छह लोगों की मृत्यु हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button