उत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भदोही पुलिस ने किया रक्तदान

भदोही (संजय सिंह). लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों के क्रम में भदोही पुलिस द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर पुलिस लाइन ज्ञानपुर के सभागार में आयोजित इस शिविर का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने किया।

जिला अस्पताल की टीम द्वारा आयोजित इस शिविर में रक्त संग्रह किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों सहित कुल 16 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक सेवा और मानवता का परिचय दिया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के साथ उनके एक संबंधी आर्यन अग्रवाल ने भी रक्तदान किया।

रक्तदान करने वालों में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, निरीक्षक राकेश कुमार सिंह (प्रभारी निरीक्षक यातायात), हेड कांस्टेबल देवचन्द्र राम, कलीम खाँ, मनोहर लाल, कांस्टेबल सत्येन्द्र चौधरी, सतीश कुमार, विपिन मौर्या, अनुराग यादव, पंकज कुमार गौतम, निर्मल तिवारी, रामेश्वर कुमार, नितिन सिंह, बिट्टू और विनय पाल शामिल रहे।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने कहा कि पुलिस विभाग कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। उन्होंने रक्तदाताओं के उत्साह की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने की बात कही।

उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल को भारतीय एकीकरण का प्रमुख शिल्पकार माना जाता है। उनके सेवा, समर्पण और राष्ट्रीय एकता के आदर्शों को ध्यान में रखते हुए आयोजित यह शिविर समाज में जनसेवा और मानवीय संवेदनाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। भदोही पुलिस का यह प्रयास सरदार पटेल की 150वीं जयंती के राष्ट्रीय आयोजन में सकारात्मक योगदान के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button