अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

लालगंज में स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, आर-पार की चेतावनी

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने रामपुर खास क्षेत्र में प्रदर्शन करते हुए इसे “स्मार्ट लूट” करार दिया और सरकार को चेतावनी दी कि मनमानी व बिजली कटौती बंद न होने पर व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नीरज त्रिपाठी ने किया, जो राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के निर्देश पर आयोजित हुआ। कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) लालगंज को ज्ञापन सौंपा और प्रीपेड स्मार्ट मीटर प्रणाली को तत्काल बंद कर पुराने मीटर बहाल करने की मांग रखी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग द्वारा लागू प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है और बिलिंग में पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ज्ञापन में कहा गया कि बिजली आपूर्ति में अनियमितता के साथ मीटर संबंधी शिकायतों के समाधान में देरी हो रही है, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं। कांग्रेस ने इस व्यवस्था को “लूट तंत्र” बताते हुए इसे खत्म करने और पारंपरिक मीटरिंग व्यवस्था बहाल करने की मांग दोहराई।

नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि यदि बिजली कटौती, बिलिंग की कथित मनमानी और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। कांग्रेस ने कहा कि यह लड़ाई “आम आदमी के हक” और “बिजली बिल में राहत” के लिए है और इसे निर्णायक मोड़ तक ले जाया जाएगा। पार्टी ने संकेत दिया कि अगला चरण बड़े पैमाने पर सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराने का होगा, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का ठोस समाधान सुनिश्चित कराया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button