Census India: सात मई से Online भरें अपनी और घर-परिवार की जानकारी

सात से 21 मई तक होगी स्व-गणना, भदोही में हर नागरिक की भागीदारी पर जोर
भदोही (संजय सिंह). जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत भदोही में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया 7 मई से शुरू होगी। जिला प्रशासन ने इसे जनपद के समग्र विकास की आधारशिला बताते हुए नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
जनगणना-2027 को लेकर जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के नियमित अनुश्रवण और मार्गदर्शन में इस प्रक्रिया को सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रक्रिया केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संसाधनों के संतुलित वितरण का आधार बनेगी।
उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित की जाएगी। इस दौरान नागरिकों को स्वयं अपने घर और परिवार से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन भरने की सुविधा दी गई है, जिससे प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित और समयबचत वाला बनाया गया है।
स्व-गणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा और ओटीपी सत्यापन के बाद अपनी सुविधा अनुसार भाषा (हिंदी/अंग्रेजी आदि) का चयन करना होगा। इसके बाद उन्हें अपना पता और लोकेशन चिन्हित कर घर एवं परिवार से संबंधित 33 प्रश्नों की जानकारी भरनी होगी। फॉर्म जमा करने के बाद प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना जरूरी होगा, जिसे जनगणना अधिकारी के घर आने पर दिखाना होगा।
जिला प्रशासन ने सभी जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने परिवार की सटीक एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें। साथ ही, जब जनगणना अधिकारी या प्रगणक घर पर आएं, तो उनका सम्मान करते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
प्रशासन का मानना है कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से न केवल यह अभियान सफल होगा, बल्कि जनपद भदोही के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी। “हर घर गणना” के इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी को आगे आने का आह्वान किया गया है।
स्व-गणना कैसे करें?
- 👉 https://se.census.gov.in� पर जाएँ
- ✔️ मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें (OTP Verify)
- ✔️ भाषा चुनें (हिंदी/English आदि)
- ✔️ पता एवं लोकेशन 📍 मार्क करें
- ✔️ घर एवं परिवार से जुड़े 33 प्रश्न भरें
- ✔️ Form Submit करें और SE ID सुरक्षित रखें
- 👉 जनगणना अधिकारी के आने पर केवल SE ID दिखाना होगा




One Comment