फ्लोरा–फौना की रंगीन दुनिया से सजी राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी

न्यायमूर्ति सुधीर नारायण ने किया नवीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का उद्घाटन
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). कला और प्रकृति के सौंदर्य का अद्भुत संगम प्रयागराज में देखने को मिला, जब खानम आर्ट गैलरी में नवीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी ‘फ्लोरा एवं फौना’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन न्यायमूर्ति सुधीर नारायण ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
वरिष्ठ कलाकारों को मिला सम्मान
प्रदर्शनी के अवसर पर कला जगत के प्रतिष्ठित नामों को गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में सम्मानित किया गया। दिल्ली के प्रसिद्ध कलाकार अशोक तिवारी, प्रयागराज के विख्यात कलाकार एवं राज्य ललित कला अकादमी के सदस्य रवीन्द्र कुशवाहा, एमिनेंट आर्टिस्ट तलत महमूद तथा कानपुर के मशहूर कलाकार सुमित ठाकुर को खानम आर्ट गैलरी की निदेशक डॉ. ज़ाहेदा खानम ने पुष्पगुच्छ, सम्मान-पत्र, मेडल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कला को पहचान दिलाने वाला मंच
मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति सुधीर नारायण ने खानम आर्ट गैलरी की पांच वर्ष की सफल यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह गैलरी देशभर के वरिष्ठ कलाकारों को सम्मान देने के साथ-साथ नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने और कला जगत में पहचान बनाने का सशक्त मंच प्रदान कर रही है।
प्रतिभाशाली बच्चों को मिला प्रोत्साहन
इस अवसर पर विभिन्न कला प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इससे बच्चों में कला के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।
देशभर के कलाकारों की कृतियां प्रदर्शित
राष्ट्रीय प्रदर्शनी में देश के विभिन्न हिस्सों से आए 25 कलाकारों की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। इनमें अशोक राय, अशोक तिवारी, इस्हाक अहमद, कसीम फारूकी और निसार अहमद जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। प्रदर्शनी में प्रकृति, वन्यजीव और पर्यावरण की विविध छवियां कलात्मक अभिव्यक्ति के साथ प्रस्तुत की गई हैं।
समापन पर कैटलॉग का होगा लोकार्पण
प्रदर्शनी के कैटलॉग का लोकार्पण समापन समारोह के दौरान एक जनवरी 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम में दिल्ली से आईं प्रो. डॉ. जूही शुक्ला, डॉ. कावेरी विज, संजय मालवीय, डॉ. सारा मुख्तार सहित अनेक कलाकार और कला प्रेमी उपस्थित रहे।

