कटरा मेदनीगंज में महाभंडारे का भव्य आयोजन, हजारों ने ग्रहण किया प्रसाद

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). नगर पंचायत कटरा मेदनीगंज में धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता का अद्भुत दृश्य शनिवार को देखने को मिला, जब श्रीमद्भागवत कथा के समापन अवसर पर कटरा चौराहे पर महा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में शामिल होने के लिए क्षेत्र भर से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा और हजारों लोगों ने पंक्तिबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय गुप्ता द्वारा पूर्व में गांव-गांव जाकर भंडारे की सूचना दी गई थी, जिसके चलते आयोजन स्थल पर दोपहर बाद से ही भीड़ जुटने लगी। अपराह्न तीन बजे विधिवत कन्या पूजन के साथ भंडारे की शुरुआत हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीता गुप्ता ने स्वयं कन्याओं को प्रसाद खिलाया और उन्हें उपहार भेंट कर आयोजन का शुभारंभ किया।

इसके उपरांत महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की लंबी कतारें लग गईं। आयोजन में शामिल कार्यकर्ता पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद परोसते रहे। महिला श्रद्धालुओं को नगर पंचायत अध्यक्ष सीता गुप्ता ने अपने सहयोगियों के साथ स्वयं प्रसाद वितरित किया। आयोजकों के अनुसार, लगभग 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत कटरा मेदनीगंज में एक जनवरी से आठ जनवरी तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया था, जिसका समापन नौ जनवरी को हवन-पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात शनिवार को विशाल भंडारे के आयोजन ने धार्मिक अनुष्ठान को सामाजिक उत्सव का रूप दे दिया।
भंडारे की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में श्री हनुमान दल, श्री नव दुर्गा पूजा समिति और बाल गणेश मित्र मंडल के कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान रोशन लाल अग्रवाल, विष्णु अग्रहरि, संजय सिंह, संजय मिश्रा, अनुराग अग्रवाल, अमित सोनी, सुनील मोदनवाल, ललित मोहन कसेरा, ननका बच्चा, ललऊ सिंह, रिंकू सिंह, अंकित चौरसिया, विशाल प्रजापति, दिव्यांशु कसेरा, पवन गौतम, संतोष मौर्य, संतोष यादव, शिवम साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं ने सफल आयोजन के लिए नगर पंचायत प्रशासन और सभी सहयोगी संगठनों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था का प्रतीक बताया।


