अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

माघ मेला–2026 को लेकर सीएम योगी सख्त, समीक्षा कर दिए निर्देश

प्रयागराज (आलोक गुप्ता).  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रयागराज मेला प्राधिकरण के आईसीसीसी सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में माघ मेला–2026 की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। आगामी प्रमुख स्नान पर्वों को देखते हुए उन्होंने प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

बैठक के दौरान मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक किए गए कार्यों, चल रही व्यवस्थाओं और आगे की कार्ययोजना की जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने पौष पूर्णिमा स्नान पर्व के सफल आयोजन पर संतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की, साथ ही कहा कि आगामी 14 से 18 जनवरी के बीच होने वाले प्रमुख स्नान पर्व प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत चुनौतीपूर्ण होंगे।

स्वच्छता, घाट विस्तार और गंगा की निर्मलता पर जोर

मुख्यमंत्री योगी ने मेला क्षेत्र में उच्चस्तरीय साफ-सफाई, घाटों पर स्नान क्षेत्र के विस्तार और सर्कुलेटिंग एरिया को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने गंगा की स्वच्छता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा साबुन, प्लास्टिक या पूजा सामग्री नदी में प्रवाहित न हो, इसके लिए जागरूकता और निगरानी दोनों सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वच्छाग्रहियों के मानदेय का समय से भुगतान, उनके बच्चों की शिक्षा और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर सख्ती

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को नियमित पेट्रोलिंग, मादक पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। संगम नोज पर मुख्य स्नान पर्वों के दौरान अत्यधिक दबाव को देखते हुए पहले से समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। इसके अलावा बेहतर ट्रैफिक प्लान, मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने, अवैध होर्डिंग हटाने और आवश्यकता पड़ने पर सीमावर्ती जिलों में होल्डिंग एरिया विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।

ठंड से बचाव और मानवीय दृष्टिकोण पर बल

शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त अलाव जलाने तथा जरूरतमंदों को कंबल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं और स्नानार्थियों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार रखा जाए तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा नया आयाम

बैठक में मुख्यमंत्री ने जगद्गुरु रामानन्दाचार्य जी के भव्य स्मारक के निर्माण के लिए भूमि चिन्हीकरण सहित आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माघ मेला केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का वैश्विक मंच है।

‘मेला सेवा ऐप’ का विमोचन, शिकायतें होंगी सीधे दर्ज

बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘मेला सेवा ऐप’ का लोकार्पण किया। इस ऐप के माध्यम से श्रद्धालु क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी शिकायतें और सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे, जिससे त्वरित समाधान संभव होगा।

जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर त्वरित कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह के सुझाव पर एयरपोर्ट क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बढ़ाने और बारा विधायक डॉ. वाचस्पति के अनुरोध पर पडुआ–कौशांबी पीपा पुल का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए।

संगम में स्नान, लेटे हनुमान जी के दर्शन

प्रयागराज प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगम नोज पहुंचकर स्नान व विधिवत पूजा-अर्चना की और मां त्रिवेणी से माघ मेला–2026 के सकुशल आयोजन की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने लेटे हनुमान जी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

इस दौरान जगद्गुरू महामण्डलेश्वर संतोषदास उर्फ सतुआ बाबा, स्वतंत्र देव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद प्रवीण पटेल, एमएलए दीपक पटेल, हर्षवर्धन वाजपेयी, पीयूष रंजन निषाद, राजमणि कोल, डॉ0 वाचस्पति, सिद्धार्थ नाथ सिंह, एमएलसी केपी श्रीवास्तव, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला, अपर पुलिस महानिदेशक, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मेलाधिकारी ऋषिराज, सीडीओ हर्षिका सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button