थानों पर तैनात हुए 207 रिक्रूट,तीन माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण शुरू

भदोही (संजय सिंह). आधुनिक पुलिसिंग की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित नवआरक्षियों को अब फील्ड की वास्तविक परिस्थितियों से रूबरू कराया जाएगा। भदोही पुलिस ने 207 रिक्रूट आरक्षियों को तीन माह के व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए जनपद के विभिन्न थानों में तैनात किया है।
पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में आधारभूत प्रशिक्षण पूरा कर चुके रिक्रूट आरक्षियों को अब जमीनी स्तर पर कार्य अनुभव देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में कुल 207 नवआरक्षियों को जनपद के विभिन्न थानों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए पदस्थ किया गया है।
इनमें 50 महिला आरक्षी और 157 पुरुष आरक्षी शामिल हैं, जिन्हें आगामी तीन माह तक थानों में रहकर पुलिसिंग के विविध आयामों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा। विभागीय नीति के अनुसार, केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं माना जाता, बल्कि कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आमजन से संवाद जैसे पहलुओं की व्यावहारिक समझ विकसित करना अनिवार्य होता है।
प्रशिक्षण के दौरान नवआरक्षियों को बीट प्रणाली की कार्यप्रणाली, नियमित पेट्रोलिंग, जनता के साथ संवाद स्थापित करना, भीड़ नियंत्रण, वीआईपी सुरक्षा तथा दंगा नियंत्रण जैसी परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास कराया जाएगा। इसका उद्देश्य उन्हें अनुशासन, शौर्य और तकनीकी दक्षता के साथ एक सक्षम पुलिसकर्मी के रूप में तैयार करना है।
जनपद के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे इन रिक्रूट आरक्षियों को वरिष्ठ उपनिरीक्षकों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण पुलिस कार्यों का गहन प्रशिक्षण प्रदान करें। अधिकारियों का मानना है कि यह तीन माह की प्रशिक्षण अवधि नवआरक्षियों के पेशेवर विकास, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।



