उत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

सड़क की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीः जिलाधिकारी

निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति पर प्रशासन सख्त, निर्माण में आ रहे अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश

भदोही (संजय सिंह). जनपद में चल रही सड़क निर्माण परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत निर्माणाधीन सड़कों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, मंडी परिषद, सिंचाई नहर प्रखंड और जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति प्रस्तुत की गई। समीक्षा में लोक निर्माण विभाग की 52 सड़कों सहित कुल 108.97 किलोमीटर, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की 21 सड़कों, मंडी परिषद की दो सड़कों, सिंचाई विभाग की पांच और जिला पंचायत की 42 सड़कों के निर्माण कार्य शामिल रहे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिशासी अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य तय समय सीमा में और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार ही पूरे किए जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं—जैसे बिजली के पोल, पेड़ या अन्य अवरोध—को शीघ्र हटाने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परियोजना की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए, ताकि कार्यों की निरंतर निगरानी की जा सके और समय से लक्ष्य पूरा हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कें आम जनता से सीधे जुड़ी मूलभूत सुविधाएं हैं, इसलिए इनके निर्माण में किसी भी प्रकार की शिथिलता गंभीर मानी जाएगी। लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, जिला पंचायत समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button