मीटर दुरुस्त करने के नाम पर रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया बिजली अफसर

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप कार्रवाई, उपखण्ड अधिकारी गिरफ्तार
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). भ्रष्टाचार निवारण संगठन प्रयागराज मंडल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एक उपखण्ड अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर उपभोक्ता से मीटर दुरुस्त कराने और कानूनी कार्रवाई से राहत दिलाने के एवज में अवैध धन की मांग का आरोप है।
खुल्दाबाद निवासी जितेन्द्र कुमार ने 9 फरवरी 2026 को एंटी करप्शन इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके विद्युत कनेक्शन से जुड़े मामले में मीटर सही कराने, दर्ज मुकदमे और बढ़े हुए जुर्माने से बचाने के लिए उपखण्ड अधिकारी संजीव कुमार श्रीवास्तव ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत का सत्यापन होने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की निरीक्षक अंजली यादव के नेतृत्व में 13 सदस्यीय टीम गठित की गई। योजना के तहत बुधवार को टीम ने खुजरोबाग स्थित उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में ट्रैप लगाया। दोपहर करीब 12 बजकर 02 मिनट पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते ही संजीव कुमार श्रीवास्तव को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों और ट्रैप टीम की मौजूदगी में की गई।
गिरफ्तार अधिकारी मूल रूप से गाजीपुर जनपद के निवासी हैं और वर्तमान में प्रयागराज में तैनात थे। उनके खिलाफ थाना खुल्दाबाद कमिश्नरेट में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ अपील
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अराजपत्रित सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। प्रयागराज मंडल कार्यालय के मोबाइल नंबर 9454402490 या लखनऊ स्थित मुख्यालय कंट्रोल रूम के नंबर 9454402484 पर संपर्क कर सूचना दी जा सकती है। शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाएगी।