बजट सत्रः विधान परिषद में KGMU संशोधन सहित 12 विधेयक पेश

लखनऊ (विजय मिश्र). उत्तर प्रदेश विधान परिषद में सोमवार से बजट सत्र का औपचारिक आगाज हुआ। सत्र के पहले दिन सदन में विधायी एवं औपचारिक कार्यों को निपटाया गया। इस दौरान राज्यपाल के अभिभाषण का वाचन किया गया, जिसके उपरांत सरकार की ओर से कुल 12 विधेयकों को सदन के पटल पर रखा गया। साथ ही चार विधेयकों को संशोधन प्रस्तावों के साथ प्रस्तुत किया गया।
विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने सदन को कार्य परामर्शदात्री समिति की संस्तुतियों से अवगत कराया और सत्र के दौरान होने वाले विधायी कार्यों की रूपरेखा साझा की। पेश किए गए विधेयकों में चिकित्सा शिक्षा, गन्ना उद्योग, ग्रामीण अभिलेख, निजी विश्वविद्यालय, व्यापार सुगमता, शिक्षा सेवाएं और वाणिज्य से जुड़े अहम प्रस्ताव शामिल हैं।
सरकार द्वारा प्रस्तुत विधेयकों में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) संशोधन विधेयक, गन्ना उपकर विधेयक, ग्रामीण आबादी अभिलेख विधेयक, सुगम्य व्यापार, शिक्षा सेवा चयन आयोग तथा दुकान एवं वाणिज्य से संबंधित संशोधन विधेयक प्रमुख रहे। इन विधेयकों को राज्य के प्रशासनिक, शैक्षिक और आर्थिक ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
विधान परिषद में प्रस्तुत प्रमुख विधेयक
- उत्तर प्रदेश विनियोग विधेयक 2025-26
- किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2025
- उत्तर प्रदेश गन्ना उपकर विधेयक 2025
- उत्तर प्रदेश ग्रामीण आबादी अभिलेख विधेयक 2025
- उत्तर प्रदेश पेंशन की हकदारी विधेयक 2025
- उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय विधेयक
- उत्तर प्रदेश नगर निगम संशोधन विधेयक 2025
- उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय चतुर्थ संशोधन विधेयक 2025
- उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय पंचम संशोधन विधेयक 2025
- उत्तर प्रदेश सुगम्य व्यापार संशोधन विधेयक 2025
- उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग संशोधन विधेयक 2025
- उत्तर प्रदेश दुकान एवं वाणिज्य संशोधन विधेयक 2025


