ताज़ा खबरसंसार

कनाडा के स्कूल में ताबड़तोड़ फायरिंग, दस की मौत

ब्रिटिश कोलंबिया के टम्बलर रिज में हुई घटना, दर्जनों घायल

The live ink desk. कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के शांत माने जाने वाले टम्बलर रिज शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सेकेंडरी स्कूल परिसर में गोलीबारी की घटना सामने आई। इस दर्दनाक वारदात में संदिग्ध हमलावर सहित कुल आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास के एक घर से दो अन्य शव बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि इन दोनों मौतों का भी इस घटना से सीधा संबंध हो सकता है।

रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) के अनुसार, फायरिंग की सूचना दोपहर करीब 1:20 बजे मिली। पुलिस जब स्कूल पहुंची तो परिसर के भीतर छह लोगों और हमलावर का शव मिला। गोलीबारी में 25 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई। घायलों को तत्काल एयर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, हालांकि एक व्यक्ति ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

जांच के दौरान पुलिस को स्कूल के नजदीक एक आवासीय घर का सुराग मिला, जहां दो लोग मृत अवस्था में पाए गए। आरसीएमपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदिग्ध हमलावर ने खुद को गोली मार ली थी। फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।

करीब 2,400 की आबादी वाले टम्बलर रिज शहर में इस घटना के बाद भय का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन लोगों से घरों के भीतर रहने की अपील की है और आसपास के इलाकों से अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने सुरक्षा कारणों से टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल और एलीमेंट्री स्कूल को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 7 से 12 तक के लगभग 175 छात्र अध्ययनरत हैं।

पीस रिवर साउथ के विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने बताया कि हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस और एंबुलेंस टीमें मौके पर भेजी गई हैं। उन्होंने समुदाय के लोगों से शांति बनाए रखने और पुलिस को जांच का काम करने देने की अपील की है। साथ ही, अपने परिजनों की तलाश में जुटे लोगों से घर लौटने का आग्रह किया गया है।

इस भयावह घटना ने पूरे कनाडा में सुरक्षा व्यवस्था और स्कूलों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button