अपराध समाचारउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

जमीनी विवाद में तड़तड़ाईं गोलियां, युवक की मौत

औराई के बनपुरवा जंगला गांव में भूमि पर कब्जे को लेकर खूनखराबा, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

भदोही (संजय सिंह). औराई कोतवाली क्षेत्र के जंगला गांव में वर्षों पुराने जमीनी विवाद ने सोमवार सुबह जानलेवा रूप ले लिया। चार बिस्वा जमीन पर कब्जे को लेकर हुए टकराव में गोली चलने से (34) आशीष यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नामजद आरोपी फरार है।

पुलिस के अनुसार, विवादित भूमि फूलचंद यादव को पट्टे में मिली थी, जिस पर मामला करीब 30 वर्षों से न्यायालय में विचाराधीन है और जमीन पर स्टे भी लागू है। इसके बावजूद आरोप है कि विजय बहादुर यादव और लालधर यादव सोमवार सुबह करीब नौ बजे जबरन निर्माण कार्य करवा रहे थे। इसका विरोध करने पहुंचे फूलचंद के पुत्र राजनाथ (50), आशीष (34) और चचेरे भाई अखिलेश (30) पर आरोपियों ने हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सचिन नामक व्यक्ति—जो पेशे से अधिवक्ता बताया जा रहा है—ने ललकारते हुए फायरिंग के लिए उकसाया। इसके बाद बृजेश यादव और अनु ने पिस्टल व राइफल से ताबड़तोड़ तीन राउंड फायर किए। एक गोली आशीष की पीठ/बांह में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी गोली अखिलेश के हाथ को छीलती हुई निकल गई, जबकि राजनाथ को लाठी-डंडों से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी औराई राजीव कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायलों को 108 एंबुलेंस से औराई ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। राजनाथ और अखिलेश की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने शव ले जाने का विरोध किया, जिस पर अधिकारियों ने समझाइश दी। पुलिस ने बताया कि बृजेश यादव, अनु और लालधर यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अधिवक्ता सचिन फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

एडिशनल एसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि मौके से तीन खोखे बरामद किए गए हैं और पिस्टल जब्त की गई है। यह जांच की जा रही है कि इस्तेमाल किए गए हथियार लाइसेंसी थे या अवैध। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों का कहना है कि मामूली जमीन के विवाद ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। मृतक आशीष दो भाइयों में छोटा था और कालीन फिनिशिंग का काम करता था। उसकी पत्नी मोना गर्भवती है और दो वर्षीय बेटी है। गांव में मातम पसरा है, जबकि पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button