प्रयागराज जंक्शन पर बेटिकट मिले 193 यात्री, 1.5 लाख जुर्माना वसूला

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज जंक्शन पर टिकट और यात्री अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए देर रात तक विशेष मजिस्ट्रेट जांच अभियान चलाया। इस दौरान 15 ट्रेनों की गहन जांच की गई, जिसमें बिना टिकट और नियमों के उल्लंघन पर यात्रा कर रहे 193 यात्रियों से कुल 1 लाख 54 हजार 226 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
प्रयागराज मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देश पर यह अभियान रेलवे मजिस्ट्रेट विनय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में संचालित किया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन के मार्गदर्शन में स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सघन चेकिंग की गई।
जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह के अनुसार, जांच के दौरान 65 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जिनसे 41,034 रुपये वसूले गए। वहीं, 117 यात्रियों के पास अनियमित टिकट पाए जाने पर उनसे 56,400 रुपये का जुर्माना लिया गया। इसके अलावा बिना बुक कराए सामान के साथ यात्रा कर रहे पांच यात्रियों से 56,192 रुपये, जबकि गंदगी फैलाने के आरोप में छह यात्रियों से 600 रुपये का दंड वसूला गया।
अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) दिनेश कुमार, मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक दिवाकर शुक्ला, मुख्य टिकट निरीक्षक संतोष कुमार सहित टिकट चेकिंग स्टाफ की अहम भूमिका रही। व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ और जीआरपी की टीमें भी मुस्तैद रहीं।



One Comment