योग-व्यायाम को बनाएं दिनचर्या का हिस्साः रुद्र नारायण बाजपेई
गोपाल विद्यालय इंटर कालेज की प्रार्थना सभा में लगी योग की क्लास
प्रयागराज (राहुल सिंह). गोपाल विद्यालय इंटर कॉलेज कोरांव के प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष रूद्र नारायण बाजपेई ने प्रार्थना सभा में छात्र-छात्राओं को योग के टिप्स देते हुए नैतिक मूल्यों की जानकारी दी। माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों का आदर-सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। रुद्र नारायण बाजपेई ने कहा, गर्मी में उल्टी, चक्कर आने जैसी समस्याओं का सामना छात्र-छात्राओं को करना पड़ता है, इसका मूल कारण नियमित रूप से व्यायाम नहीं करना है।

उन्होंने कहा कि, छात्र जीवन में इस तरह की दिक्कतों का होना कमजोरी का प्रतीक है। इससे बचने के लिए उन्होंने छात्र/ छात्राओं के सम्मुख उपयोगी योगासनों – अनुलोम-विलोम, कपालभाति, पद्मासन, सर्वांगासन, पश्चिमोत्तासन, वज्रासन इत्यादि को करके दिखाया और उनको करने के करने के नियम भी बताए गए। उन्होंने छात्रों को बताया कि इन योगासनों को करके वे स्वयं को स्वस्थ बनाएं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य साबिर अली ने आभार व्यक्त किया और छात्रों के मंगलमय भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन डा. संतलाल मौर्य ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापक अध्यापिका उपस्थित रहे।



