
वरिष्ठ पत्रकार प्रभुनाथ शुक्ल ने बालिका इंटर कालेज में किया कंप्यूटर कक्ष का उद्घाटन
भदोही (संजय सिंह). समाज को बदलने में युवाओं की सोच अहम है। आज का युवा शिक्षित और आधुनिक है। वह समाज को कौशल विकास से जोड़ना चाहता है। शिक्षा में नूतन तकनीकी विकास चाहता है। भदोही के युवा योग शिक्षक अमित शुक्ल की एक सकारात्मक पहल समाज को नई दिशा देगी। सोमवार को उन्होंने तुलसी देवी बालिका इंटरमीडिएट कालेज में बालिकाओं को तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए चार कंप्यूटर उपलब्ध कराया।
कंप्यूटर कक्ष का उद्घाटन करते हुए वरिष्ठ पत्रकार प्रभुनाथ शुक्ल ने कहा, समाज में बदलाव लाने के लिए हमें अमित शुक्ल जैसे सकारात्मक सोच वाले युवाओं की जरूरत है। जीवन का उदेश्य सिर्फ पैसा कामना ही नहीं होना चाहिए। उस पैसे का उपयोग सामाजिक कार्यो के लिए भी होना चाहिए।
अमित शुक्ल की सोच बहुत ही सकारात्मक है। सामाजिक बदलावों के लिए उद्वेलित रहते हैं। पहले वह बाहर रहते थे, लेकिन कोरोनाकाल में अपने गांव हरीपुर आए और अपनी योग शिक्षा की ऑनलाइन शुरुआत घर से की। भारत के साथ दुनिया के कई देशों के नागरिक उनसे योग की शिक्षा लेते हैं।
योग शिक्षक अमित शुक्ल ने बालिकाओं की शिक्षा के लिए अपनी सामाजिक संस्था शिवत्व फाउंडेशन की तरफ से जो कदम उठाया है अपने आप में काबिले गौर है। उनके इस प्रयास से ग्रामीणांचल में स्थित विद्यालय की बालिकाओं को बेहतर शिक्षा मिल सकती है।
योग शिक्षक अमित शुक्ल ने कहा कि परंपरागत शिक्षा में आधुनिक शिक्षा को समावेशित करते हुए देश की बेटियों का कौशल विकास करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना हमारा मूल उद्देश्य है। विशेष रूप से ग्रामीणांचल में बेटियों की शिक्षा के प्रति उदासीन समाज को जागरूक करना है।
गांव में सामान्य परिवार के पास कम आय की वजह से इतने संसाधन अभी उपलब्ध नहीं हैं। कॉलेज के पास भी इतनी सुविधा नहीं है। ऐसी स्थिति में समाज के लोगों को शिक्षा के विकास के लिए आगे आना चाहिए। अमित ने कहा कि हमारा उद्देश्य सहयोग से सर्वोदय तक है। उन्होंने कहा की समाज की बेटियों को शिक्षित, सशक्त और कुशल होना चाहिए।
इस दौरान ग्राम प्रधान पूरे मनोहर अनिल सिंह, मनोज शुक्ल, राकेश वर्मा और श्रीप्रकाश सिंह ने भी विचार रखें और अमित शुक्ल की सकारात्मक सोच को सराहा और कहा कि समाज को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है। प्रबंधक दुर्गेश दुबे ने सहयोग के लिए अमित शुक्ल का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बैकुंठनाथ शुक्ल, शुभम शुक्ल, सुरेश वर्मा, संतोष दुबे, पवन मिश्र, आंनद दुबे, पंकज हलवाई, अरविंद पांडेय, आदर्श मिश्र, आंनद तिवारी उपस्थित रहे।



