इरादतगंजः रांग साइड आ रही कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर

प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह). घूरपुर थाना क्षेत्र के इरादतगंज बाजार में सोमवार सायंकाल एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार घायल हो गया। बताया गया है कि रांग साइड से आ रही एक कार ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
घटना के अनुसार, घूरपुर थाना क्षेत्र के बुढ़वा गांव निवासी 40 वर्षीय कमला कांत पटेल, जो नगर निगम में कर्मचारी हैं, सोमवार शाम शहर स्थित अपने कार्यालय से बाइक से घर लौट रहे थे। इरादतगंज बाजार पहुंचने पर विपरीत दिशा से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कमला कांत पटेल सड़क पर गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और कार को चालक सहित थाने ले गई। घायल कमला कांत पटेल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

