अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य
सड़क किनारे मिला लापता युवक का शव, पुलिस ने शुरू की जांच

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). नगर कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक का शव सड़क किनारे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उस युवक के रूप में हुई है, जो एक दिन पहले अपने घर से लापता हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मृतक मोहम्मद इस्लाम (35), निवासी शाहगंज, घर से एक दिन पूर्व निकलने के बाद वापस नहीं लौटा था। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के दौरान उसका शव नगर कोतवाली के पीछे सड़क के किनारे पड़ा मिला।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया है कि युवक नशे का आदी था। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


