उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलराज्य

शादी के बाद पता चला गंजा है पति, पत्नी ने दर्ज करवाई एफआईआर

लखनऊ (विजय मिश्र). नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में एक महिला ने विवाह के बाद पति और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि शादी के समय पति की शारीरिक स्थिति, शिक्षा और आय को लेकर गलत जानकारी दी गई, जिससे उसे धोखे में रखकर विवाह किया गया।

थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह के अनुसार, शिकायतकर्ता लविका गुप्ता ने बताया कि उसका विवाह 16 जनवरी 2024 को दिल्ली के राणा प्रताप बाग निवासी संयम जैन से हुआ था। विवाह के बाद उसे पता चला कि उसका पति पूर्ण रूप से गंजा है और नकली हेयर पैच का प्रयोग करता है, जबकि शादी से पहले उसके सिर पर पूरे बाल होने की बात कही गई थी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति की शैक्षिक योग्यता और वार्षिक आय के संबंध में भी गलत तथ्य प्रस्तुत किए गए थे।

महिला का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और ब्लैकमेल किया जाता रहा। उसने यह भी कहा कि विदेश यात्रा के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और अवैध गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बनाया गया। इसके साथ ही निजी तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति संयम जैन सहित ससुर, सास, जीजा और मामा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button