UP STF: पंजाब से पकड़ा गया एक लाख का इनामी नवी ग्रेवाल उर्फ लकी
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी शराब तस्कर को पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ प्रयागराज जिले में अवैध शराब तस्करी का मामला दर्ज था।
एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान नवदीप सिंह उर्फ नवी ग्रेवाल उर्फ लकी सिंह के रूप में हुई है। वर्ष 2023 में प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे के बाद से वह फरार चल रहा था, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की कई टीमें विभिन्न राज्यों में सक्रिय थीं। इसी दौरान प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर पंजाब में दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह संगठित गिरोह के जरिए पंजाब और चंडीगढ़ से ट्रकों में अवैध शराब लोड कर उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार में आपूर्ति करता था। वह पहले भी रांची जेल जा चुका है। फिलहाल उसे ट्रांजिट रिमांड पर लाकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
