अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को लगी गोली, CHC लालगंज भेजे गए घायल

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). जनपद प्रतापगढ़ के लीलापुर थाना क्षेत्र में 30 अप्रैल 2026 को सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अभियुक्त घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई।

प्रभारी निरीक्षक अमला सिंह अपनी टीम के साथ औरी का पुरवा, सगरासुन्दरपुर क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे, तभी पंडित का पुरवा की ओर से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर दोनों तेजी से भागने लगे।

संदेह गहराने पर पुलिस टीम ने पीछा किया और गंगापुत्री पुल के पास सकुहाबाद गांव के बीहड़ क्षेत्र में घेराबंदी कर ली। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दोनों अभियुक्तों के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी और उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया गया।

पूछताछ में अभियुक्तों की पहचान अफजल उर्फ जानी पुत्र अनवर निवासी सराय मकई थाना लीलापुर और अमन शेख उर्फ अरमान पुत्र असफाक निवासी मिश्रपुर थाना मान्धाता के रूप में हुई।

दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचा (.315 बोर), दो जिन्दा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर UP70GJ2150) बरामद की है।

घायल अभियुक्तों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी लालगंज भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

आपराधिक रिकॉर्ड के मुताबिक अफजल उर्फ जानी पर जेठवारा और लीलापुर थानों में बलवा, हत्या का प्रयास, एससी/एसटी एक्ट सहित चार गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अमन शेख उर्फ अरमान पर मान्धाता, मऊआइमा (प्रयागराज) और लीलापुर थानों में आर्म्स एक्ट व हत्या के प्रयास समेत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस मुठभेड़ को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया गया। पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button