अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

महिला की हत्या का खुलासा, देवर हिरासत में, एक की तलाश जारी

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). फूलपुर थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जांच के बाद पुलिस ने मृतका के देवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी बलिकरनपुर गांव निवासी प्रदीप कुमार पुत्र संगमलाल है। उन्होंने बताया कि हत्या की साजिश में प्रदीप का मित्र पप्पू मूसहर उर्फ रामसजीवन भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

डीसीपी के अनुसार, 29 जनवरी को प्रदीप कुमार ने अपनी भाभी सीमा देवी के लापता होने की सूचना फूलपुर थाने में दी थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बलिकरनपुर गांव में एक कुएं के भीतर प्लास्टिक की बोरी में शव दिखाई दे रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच आगे बढ़ने पर सामने आया कि प्रदीप ने अपने दोस्त पप्पू मूसहर के साथ मिलकर भाभी की हत्या की योजना बनाई थी। हत्या के बाद दोनों ने शव को बोरी में भरकर कुएं में फेंक दिया और शक से बचने के लिए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए जोगिया सेखपुर गांव के पास से प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button