लालापुर में रिटायर्ड CBCID दारोगा की हत्या, कमरे में मिला रक्तरंजित शव

पुलिस ने गठित कीं तीन जांच टीमें, फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर छानबीन तेज
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी की नृशंस हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लालापुर थाना क्षेत्र के चकशिवचेर गांव में सीबीसीआईडी से सेवानिवृत्त दारोगा राम रतन मिश्रा (65) की उनके ही घर के कमरे में सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। सोमवार को सुबह जब उनका शव खून से सना हुआ मिला, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राम रतन मिश्रा अपने घर के एक कमरे में सो रहे थे। सुबह काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो कमरे के फर्श पर उनका शव पड़ा था। सिर और चेहरे पर किसी भारी व ठोस वस्तु से किए गए वार के स्पष्ट निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही लालापुर थाना पुलिस के साथ ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया। कमरे से खून के नमूने, संभावित हथियार के निशान और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए हैं।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मृतक सीबीसीआईडी में दारोगा पद से सेवानिवृत्त हो चुके थे और वर्तमान में गांव में ही रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में परिजन किसी प्रकार की पुरानी रंजिश या विवाद से इनकार कर रहे हैं, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित की हैं, जो पारिवारिक पृष्ठभूमि, सामाजिक संबंधों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
मकान में लगा है सीसीटीवी कैमरा
जांच के दौरान लालापुर पुलिस के हाथ सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर हासिल हुआ। जो कि घर में सीसीटीवी कैमरे भी कई जगह लगे हुए थे, पीछे के पॉइंट पर भी कैमरा लगा था, पुलिस के द्वारा चेक करने पर पता चलेगा कि इस सीसीटीवी कैमरे में कौन-कौन कैद हुआ और कैसे हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। इस जघन्य हत्या के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।



