ताज़ा खबरभारत

नवी मुंबई एयरपोर्टः अब दिन-रात उड़ान भरेंगे जहाज, 24×7 संचालन शुरू

The live ink desk. नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। एक फरवरी से यह एयरपोर्ट सीमित समय की बाध्यता से मुक्त हो गया है और अब यहां 24 घंटे विमान सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। इससे पहले हवाई अड्डा केवल सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक ही सक्रिय रहता था, लेकिन अब चौबीसों घंटे परिचालन की अनुमति मिलने से यात्रियों और एयरलाइंस—दोनों को व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।

नवी मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही की शुरुआत 25 दिसंबर को हुई थी। प्रारंभिक चरण में सीमित उड़ानों और तय समयावधि के साथ सेवाएं शुरू की गई थीं, लेकिन अब परिचालन समय बढ़ने से उड़ानों की संख्या में तेज वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। इससे मुंबई महानगर क्षेत्र में बढ़ते हवाई यातायात का दबाव भी कम होगा।

वैश्विक परिदृश्य में देखें तो यूरोप और अमेरिका के कई हवाई अड्डों पर रात्रिकालीन उड़ानों पर प्रतिबंध रहता है, जहां शोर प्रदूषण के कारण रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक परिचालन बंद रहता है। इसके विपरीत भारत के प्रमुख हवाई अड्डे चौबीसों घंटे खुले रहते हैं, जिससे यात्रियों को हर समय सुरक्षित और सुविधाजनक परिवेश मिलता है। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का 24×7 संचालन भारतीय विमानन ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

स्लॉट बढ़ाने की तैयारी में एयरलाइंस

हालांकि फिलहाल देर रात और मध्यरात्रि की उड़ानों का औपचारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है, लेकिन विमानन क्षेत्र से जुड़े सूत्रों के अनुसार जल्द ही रात की उड़ानों की भी घोषणा की जा सकती है। वर्तमान व्यवस्था के तहत नवी मुंबई एयरपोर्ट से आखिरी उड़ान रात 9:50 बजे और पहली उड़ान सुबह 7:10 बजे संचालित हो रही है। 24×7 संचालन की मंजूरी के बाद एयरलाइंस कंपनियां अपने उड़ान स्लॉट्स धीरे-धीरे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही हैं।

गर्मियों के शेड्यूल में दिखेगा विस्तार

विमानन उद्योग के जानकारों का कहना है कि मार्च के अंत में समर शेड्यूल लागू होने के साथ ही नवी मुंबई एयरपोर्ट की गतिविधियों में उल्लेखनीय तेजी आएगी। फिलहाल जहां प्रति घंटे औसतन 10 विमानों की आवाजाही हो रही है, वहीं अप्रैल तक यह संख्या बढ़कर लगभग 20 विमान प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

कम समय में पाई बड़ी उपलब्धि

अभी एयरपोर्ट से सीमित संख्या में विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं, लेकिन आने वाले दिनों में कई विमानन कंपनियां यहां से अपनी उड़ानों की संख्या बढ़ा सकती हैं। इससे घरेलू उड़ानों के साथ-साथ भविष्य में अंतरराष्ट्रीय सेवाओं का रास्ता भी खुलेगा। गौरतलब है कि नवी मुंबई एयरपोर्ट ने 12 जनवरी को एक अहम उपलब्धि दर्ज की थी, जब संचालन शुरू होने के मात्र 19 दिनों के भीतर एक लाख यात्रियों ने यहां से यात्रा की थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button