
The live ink desk. इजराइली रक्षा बलों (IDF) ने हिजबुल्लाह के एक प्रमुख आतंकी कमांडर अली दाऊद अमिच को मार गिराने का दावा किया है। आईडीएफ के अनुसार, रविवार को किए गए एक लक्षित अभियान में अमिच को ढेर किया गया।
आईडीएफ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में बताया कि अमिच हिजबुल्लाह के इंजीनियरिंग विभाग में डिवीजन प्रमुख था और दक्षिणी लेबनान के अल-द्वेयर क्षेत्र में संगठन के आतंकी ढांचे को दोबारा सक्रिय करने की कोशिशों में जुटा हुआ था। उस पर इजराइली सैनिकों के खिलाफ हमलों की साजिश रचने और उन्हें अंजाम देने में भूमिका निभाने के आरोप थे। आईडीएफ का कहना है कि अमिच इजराइल-लेबनान के बीच हुए समझौतों का भी उल्लंघन कर रहा था, जिसके चलते उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि हिजबुल्लाह लेबनान स्थित शिया राजनीतिक दल होने के साथ-साथ एक सशस्त्र संगठन भी है, जिसकी स्थापना 1980 के दशक में लेबनानी गृहयुद्ध के दौरान हुई थी। संगठन को ईरान से वित्तीय सहायता, हथियार और प्रशिक्षण मिलने की बात कही जाती है। अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी और खाड़ी सहयोग परिषद समेत कई देशों ने हिजबुल्लाह को आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है। विभिन्न आकलनों के अनुसार, इसके पास हजारों रॉकेट और मिसाइलें हैं तथा इसके सक्रिय लड़ाकों की संख्या 40 से 50 हजार के बीच बताई जाती है, जबकि लगभग इतनी ही संख्या में इसके रिजर्व बल मौजूद हैं।


