प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां का निधन, 100 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
अहमदाबाद (the live ink desk). प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरा बेन का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। इसी वर्ष जून के महीने में हीरा बेन ने अपना 100वां जन्मदिन मनाया था। हीराबेन की तबियत बीते मंगलवार को खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हे स्थानीय यूएन मेहता हास्पिटल में एडमिट करवाया गया था।
मां की बीमारी की जानकारी होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी मां से मिलने भी गए थे। शुक्रवार को भोर में अस्पताल प्रबंधन की तरफ से हीराबेन के निधन की जानकारी उनके परिजनों को दी गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मां को नमन करते हुए एक भावुक ट्वीट किया है। पीएम ने अपनी मां के लिए लिखा- “शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमे एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।” इसके साथ ही पीएम ने मां हीरा बेन की कुर्सी पर बैठे हुए फोटो भी शेयर की है। फिलहाल, प्रधानमंत्री अपने गृहनगर के लिए रवाना हो गए हैं।
यह भी पढ़ेंः हीरा बेन पंचतत्व में विलीनः प्रधानमंत्री ने निभाया पुत्र धर्म, कांधा देने के बाद दी मुखाग्नि
यह भी पढ़ेंः गांबिया के बाद उज्बेकिस्तान में भारतीय कफ सीरप के सेवन से हुई 18 बच्चों की मौत
यह भी पढ़ेंः ड्रग डिलिवरी और साइड इफेक्ट कम करने में बेहद कारगर गोल्ड के नैनो पार्टिकल्स
प्रधानमंत्री की मां के निधन पर देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम नेताओं ने ट्वीट कर श्रद्धासुमन अर्पित किया है। राजनाथ सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा है- “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताश्री हीरा बा के निधन से मुझे गहरी वेदना हुई है। एक मां का निधन किसी भी व्यक्ति के जीवन में ऐसी शून्यता लाता है, जिसकी भरपाई असंभव है। दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री और उनके पूरे परिवार के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट करते हुए लिखा- “एक पुत्र के लिए मां पूरी दुनिया होती है। मां का निधन पुत्र के लिए असहनीय और अपूर्णीय क्षति होती है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूज्य माताजी का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।”



