ताज़ा खबर

टोंस नदी में नहाते समय दो मासूम डूबे, एक की मौत, दूसरा गंभीर

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र अंतर्गत बगहा गांव में शुक्रवार को टोंस नदी में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करते समय गहरे पानी में चले जाने से दो मासूम बच्चे डूब गए। इस घटना में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव के अनुसार, बगहा गांव निवासी अर्पित यादव (7) पुत्र आशू यादव और उसका दोस्त शिवम (7) पुत्र शिवमनी शुक्रवार को घर से टोंस नदी में नहाने के लिए निकले थे। स्नान के दौरान दोनों अनजाने में गहरे पानी की ओर बढ़ गए और डूबने लगे।

स्थानीय लोगों को जब तक घटना की जानकारी हुई और वे मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों बच्चे पानी में डूब चुके थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बाहर निकाला और तत्काल रामनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने अर्पित यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवम का इलाज शुरू किया गया। बाद में परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद गांव में शोक और मातम का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button