उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

बारात लेकर जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या, घात लगाकर किया हमला

जौनपुर. जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बारात लेकर जा रहे दूल्हे को गोली मार दी। यह वारदात शाहगंज-जौनपुर नेशनल हाईवे पर बादशाही के पास सरेआम अंजाम दी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ऊर गांव निवासी राम लखन बिन्द ने अपने पुत्र आजाद बिन्द की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहा अंतर्गत बीबीपुर गांव निवासी गोरखनाथ बिन्द की पुत्री सोनी के साथ तय की थी। शादी की सभी तैयारियां पिछले एक सप्ताह से चल रही थीं और शुक्रवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बारात खेतासराय के लिए रवाना हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, जैसे ही दूल्हे की कार अपने गांव से निकलकर खेतासराय की ओर बढ़ी, पहले से घात लगाए अपाची बाइक सवार तीन बदमाशों ने बादशाही के पास वाहन को रुकवा लिया। इसके बाद हमलावरों ने ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली दूल्हे के पेट में और दूसरी उसके मुंह में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल दूल्हे को खेतासराय स्थित हबीब हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

वारदात की सूचना मिलते ही खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक संजय पांडेय, खुटहन थाना प्रभारी रामाश्रय राय सहित शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरीन्द्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।

इधर, जमदहा के बीबीपुर गांव में जहां बारात पहुंचनी थी, वहां का माहौल पूरी तरह बदल गया। डीजे की धुनें अचानक थम गईं और दुल्हन के घर पर खुशी का माहौल मातम में बदल गया। शादी की सभी रस्में बीच में ही रुक गईं और दुल्हन के अरमान अधूरे रह गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button