बंद कमरे में मिले चार बच्चों के शव, फरार मां पर हत्या का शक
बिस्तर पर पाए गए चारों शव, अंदर से बंद था मकान का दरवाजा
The live ink desk. उत्तर प्रदेश के अकबरपुर क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे एक घर के भीतर चार मासूम बच्चों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार कमरे के अंदर बिस्तर पर चारों बच्चों के खून से लथपथ शव मिले, जबकि घर का दरवाजा अंदर से बंद था और उनकी मां मौके से लापता पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
सऊदी अरब में है बच्चों का पिता
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक महरुआ निवासी नियाज की पत्नी अपने चार बच्चों—शफीक, सऊद, उमर और बेटी बयान के साथ मीरानपुर में रह रही थी। नियाज पिछले कई वर्षों से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा है। पुलिस को संदेह है कि घरेलू परिस्थितियों और पारिवारिक तनाव के चलते यह वारदात हुई हो सकती है।
फरार महिला की तलाश में लगी टीम
स्थानीय पुलिस के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि बच्चों की हत्या ईंट से कूचकर की गई है। इसके बाद आरोपी महिला बालकनी के रास्ते नीचे कूदकर फरार हो गई। पुलिस आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है और संदिग्ध की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है।
पति ने सऊदी में कर ली दूसरी शादी
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद एक प्रमुख कारण हो सकता है। जानकारी के अनुसार नियाज ने विदेश में दूसरी शादी भी की है, जिसके चलते महिला मानसिक तनाव में रहती थी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं—हत्या की परिस्थितियां, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों—की गहन जांच की जा रही है।

