सूबे के 14 जिला अस्पताल होंगे अपग्रेड, योगी सरकार ने दी स्वीकृति
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 14 जिला अस्पतालों के आधुनिकीकरण पर 9.80 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी दी है। इस राशि से बलरामपुर, बस्ती, इटावा, रायबरेली, महराजगंज सहित उन जिलों के अस्पतालों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जहां अब तक उन्नत जांच सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी।
सरकार की इस पहल का सीधा लाभ ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगा। नए स्वास्थ्य उपकरण लगने से स्थानीय स्तर पर ही सस्ती और समय पर जांच हो सकेगी, जिससे इलाज में तेजी आएगी और बड़े शहरों के अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम होगा।
स्वीकृत धनराशि में से 2.70 करोड़ रुपये साढ़ामऊ बीकेटी स्थित रामसागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय को, 1.52 करोड़ रुपये बलरामपुर के जिला महिला चिकित्सालय को, 1.56 करोड़ रुपये रायबरेली के जिला अस्पताल को और 1.16 करोड़ रुपये महाराजगंज जिला संयुक्त चिकित्सालय को आवंटित हुए हैं। वहीं अन्य जिलों—बागपत, हमीरपुर, बस्ती और इटावा—को भी आधुनिक डायग्नोस्टिक एवं चिकित्सा उपकरणों के लिए आवश्यक बजट प्रदान किया गया है।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार यह निर्णय राज्य सरकार के ‘विकसित यूपी–2047’ विज़न का हिस्सा है, जिसके तहत लक्ष्य है कि प्रदेश का हर जिला अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित हो। सरकार चाहती है कि मरीजों को महंगी जांच या बड़े शहरों में रेफर होने की जरूरत न पड़े और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उनके ही जिले में उपलब्ध हों।
