छिपाने से और बढ़ेगी मानसिक बीमारीः सीएमओ
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जिला अस्पताल गोष्ठी का आयोजन
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सोमवार को महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर व गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संतोष कुमार चक ने फीता काटकर किया। सीएमओ डा. संतोष कुमार चक ने कहा कि एकल परिवार बढ़ने के कारण भी मानसिक रोग बढ़ रहा है और लोगों में सपोर्ट की कमी हो रही है। उन्होंने कहा की अनुवांशिक, पारिवारिक विघटन, आर्थिक और सामाजिक कारण मानसिक रोग को बढ़ाते हैं। इसी क्रम में विभूति नारायण इंटर कालेज के बच्चों ने जागरुकता रैलीभी निकाली।
यह भी पढ़ेंः समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का निधन, UP में तीन दिन का राजकीय शोक
जिला नोडल अधिकारी जिला मानसिक स्वास्थ्य भदोही डा. वीएन सिंह ने बताया कि मानसिक रोग किसी भी व्यक्ति को हो सकता है। इसलिए इस रोग को छिपाना नहीं चाहिए। इसका समुचित इलाज कराना चाहिए। डा. अभिनव पांडेय एवं मनोचिकित्सक मालविका पांडेय ने बताया कि मानसिक रोग होने पर झाड़-फूंक और तांत्रिक के चक्कर में न पड़कर जिला मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ ज्ञानपुर में उपचार कराना चाहिए।
मनोवैज्ञानिक चिकित्सक अशोक परासर ने बताया कि मानसिक रोग होने पर मरीज को इलाज के साथ-साथ काउंसलिंग की आवश्यकता होती है। इसलिए जिला मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ में संपर्क कर काउंसलिंग करा सकते हैं। डा. शांति कुमारी ने बताया कि जिला मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ ज्ञानपुर भदोही की टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जेल, विद्यालय, शेल्टर होम्स आदि पर लगातार अपना योगदान दे रही है।
