मजदूरी कर घर लौट रहे लोगों से भरी नाव गंगा में पलटी, दस डूबे
तीन को गोताखोरों ने बचाया, दो महिलाओं का शव बरामद, पांच की तलाश जारी
पटना (the live ink desk). काम करके घर लौट रहे मजदूरों से भरी नाव गंगा नदी में पलट गई। इस हादसे में दस लोग डूब गए। हादसे के बाद घाट पर मौजूद स्थानीय मल्लाहों/गोताखोरों ने तीन लोगों को सकुशल बचा लिया, जबकि दो महिलाओं का शव बरामद किया गया। इसके अलावा पांच लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस-प्रशासन के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ेंः G-20 सम्मेलन में शामिल होना भी अनिश्चितः Vladimir Putin
यह दर्दनाक हादसा कटिहार जनपद के बरारी प्रखंड क्षेत्र के मरघिया गंगा घाट पर हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक नाव सवार लोग मजदूरी करने गए थे। देर शाम सभी अपने-अपने घरों की तरफ लौट रहे थे। रास्ते में पड़ने वाली गंगा नदी कोपार करने के लिए सभी ने नाव की सवारी कर ली। जैसे ही नाव बीच मंझधार में पहुंची, असंतुलित हो गई और पलट गई। इस हादसे में नाव सवार सभी दस लोग डूब गए।
यह भी पढ़ेंः जांच हुई तो पकड़ में आया फर्जी जमानतदारों का गिरोह
गंगा में नाव पलटनी के खबर लगते ही गंगा के छोर पर मौजूद स्थानीय मल्लाहों व गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगाई और तीन लोगों को सही सलामत बाहर निकाल लिया, जबकि दो महिलाओं का शव बरामद किया गया है। इसके अलावा पांच अन्य की तलाश जारी है। इस हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक विजय सिंह, क्षेत्राधिकारी, बरारी थाने की पुलिस के साथ प्रशासनिक अफसर भी मौके पर पहुंच गए थे।
यह भी पढ़ेंः कालीननगरी में 43 वें “India Carpet Expo” का आगाज
गोताखोरों ने उमा देवी (42) और रूबी कुमारी (19) का शव बरामद कर लिया है, जबकि दुखन पासवान (51), बबिता कुमारी (19), रुचि कुमारी (16), विकास कुमार (14) और शकील आलम (6) की तलाश जारी है।




