सड़क दुर्घटनाओं में बाइक सवार युवक और बुजुर्ग की मौत, तीन घायल
वाराणसी हाईवे और मिर्जापुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे
भदोही/प्रयागराज (the live ink desk). प्रयागराज और भदोही जनपद में हुई दो सड़क दुर्घटनाओं (road accidents ) में बाइक सवार बुजुर्ग और एक युवक (Bike rider and old man) की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। भदोही जनपद में यह हादसा नेशनल हाईवे पर गोपीगंज थाना क्षेत्र में हुआ।
जानकारी के मुताबिक प्रयागराज की तरफ जा रहे बाइक सवार दो युवक एनएच पर हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार में रही मोटरसाइकिल गोपीगंज थाना क्षेत्र में केराई पेट्रोल पंप के समीप हाईवे पर खड़ी ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने पुलिस जानकारी दी। मौके पर आई पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचवाया। गोपीगंज पुलिस ने बताया कि केराई पेट्रोल पंप के समीप हुए इस हादसे में अपाचे मोटरसाइकिल सवार वेंकटेश प्रताप सिंह चौहान (25) पुत्र कमलेश प्रताप सिंह चौहान (निवासी ग्राम व थाना मलवा, जनपद फतेहपुर) और 22 वर्षीय अरुणेंद्र ओझा उर्फ कबीर (निवासी लच्छीपुर, थाना मंझनपुर, जनपद कौशांबी) हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गए।
यह भी पढ़ेंः अधिक वसूली पर स्टांप वेंडर गुरुप्रसाद का लाइसेंस निरस्त
यह भी पढ़ेंः लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र के साथ डीएम ने भेंट किया पौधा
यह भी पढ़ेंः एक किलो गांजा और नौ हजार नगदी संग धरा गया तस्कर
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी गोपीगंज भेजवाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा वेंकटेश प्रताप सिंह चौहान को मृत घोषित कर दिया गया जबकि अरुणेंद्र ओझा उर्फ कबीर को जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर के लिए रेफर कर दिया गया है, जिसकी स्थिति सामान्य है।
दूसरी तरफ प्रयागराज जनपद के यमुनापार में बाइक सवार तीन लोग ट्रक की चपेट में आ गए। यह हादसा मांडा थाना क्षेत्र में गिरधरपुर तिराहे के समीप हुआ। जानकारी के मुताबिक मांडा खास निवासी मुन्नू सोनकर अपने पुत्र आशीष के साथ एक रिश्तेदारी में मिर्जापुर जनपद के हलिया बाजार गए थे। आज भोर में मुन्नू सोनकर अपने बेटे आशीष सोनकर व रिश्तेदार बसंत सोनकर (65) के साथ घरलौट रहा था। जैसे ही तीनों बाइक सवार गिरधरपुर तिराहे के समीप पहुंचे, एक तेज रफ्तार में रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों नीचे गिर पड़े और पहिए की चपेट में आ गए।
इस हादसे में बसंत सोनकर की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि मुन्नू व आशीष सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उधर से गुजर रहे राहगीरों ने हादसे की जानकारी मुकामी पुलिस तक पहुंचाई। इसके बाद घटनास्थल पर आई पुलिस ने दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल भेजा, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एसआरएन के लिए रेफर कर दिया गया। और, बसंत सोनकर का शव कब्जे में लेकर चीरघर भेजा।
