ताज़ा खबरसंसार

इथियोपिया में नरसंहार: ओरोमो लिबरेशन आर्मी के हमले में 40 से अधिक की मौत

The live ink desk. इथियोपिया के अशांत मेटेकेल ज़ोन में शनिवार को भयंकर हिंसा भड़क उठी। ओरोमो लिबरेशन आर्मी (OLA) के असंतुष्ट धड़े, जो खुद को शेने मिलिटेंट्स के नाम से पहचानते हैं, ने बाकुजी केबेले और बुलेन वोरेडा क्षेत्र में ताबड़तोड़ हमले किए, जिनमें 40 से ज्यादा लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मिलिटेंट्स सुबह लगभग 5 बजे इलाके में घुसे और देर रात तक घरों पर धावा बोलते रहे। हमलावरों ने महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को घरों के भीतर गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। स्थानीय लोग इस हमले को पिछले कुछ वर्षों में हुए सबसे भयानक नरसंहारों में से एक बता रहे हैं।

एक परिवार के पाँच सदस्य तक मारे गए

अदीस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट में बाकुजी के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि कई स्थानों पर पूरे-के-पूरे परिवार खत्म कर दिए गए। उन्होंने दावा किया कि मृतकों की संख्या 44 तक पहुंच चुकी है। मिलिटेंट्स बंदूकों और चाकुओं से लैस थे और कई घरों के दरवाजे तोड़कर अंदर घुसे। हमले के बाद भयभीत किसान और दिहाड़ी मजदूर क्षेत्र छोड़कर भागने लगे। जिनके खेत और मवेशी हैं, वे ही जोखिम उठाकर वहीं रुके हुए हैं।

स्थानीय अधिकारियों की प्रतिक्रिया

बुलेन वोरेडा के उप प्रशासक शिबेशी बारेडा ने पुष्टि की कि हमलावरों ने निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया। वहीं प्रशासक नेमेरा मारू ने घटना को “कायरतापूर्ण और निंदनीय” बताया। उन्होंने कहा कि शेने मिलिटेंट्स अभी भी हमले के स्थान से 5–10 किलोमीटर के दायरे में सक्रिय हैं।
स्थानीय मिलिशिया के साथ मुठभेड़ में 10 से ज्यादा मिलिटेंट्स के मारे जाने का भी दावा किया गया है। मेटेकेल जोन में बीते वर्षों से जातीय तनाव और उग्रवाद लगातार बढ़ता रहा है, और ताज़ा हमला क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button