अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

भारत की सांस्कृतिक पहचान विश्व में प्रखर, इसे मजबूत रखना हमारी जिम्मेदारीः जयवीर सिंह

श्रृंग्वेरपुर धाम पहुंचे मंत्री ने 16 परियोजनाओं का लोकार्पण और छह का किया शिलान्यास। कहा-  योगी सरकार में तीर्थों के विकास को मिल रही नई गति, राम का धाम भी चमका

प्रयागराज (आलोक गुप्ता)। गुरुवार को तय कार्यक्रम से करीब पौने दो घंटे देर से पहुंचे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने जनपद के ऐतिहासिक श्रृंग्वेरपुर धाम में रामायण मेले के मुख्य मंच से बड़ी जनसभा को संबोधित किया। कहा कि आज दुनिया में भारत की संस्कृति और सनातन परंपरा की कीर्ति फैली है। इसे सुरक्षित और सशक्त बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को मजबूत करना आवश्यक है।

मंत्री ने कहा कि योगी सरकार आने के बाद प्रदेश में सांस्कृतिक धरोहरों को नई पहचान मिली है। बीते दौर में जहाँ मंदिरों और रामलीला मैदानों की उपेक्षा कर कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल बनाई जाती थी, वहीं अब धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

जनवरी–फरवरी में आयोजित महाकुंभ का उल्लेख करते हुए उन्होंने श्रृंग्वेरपुर धाम के लोगों का आभार जताया और कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की उत्कृष्ट सेवा से प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ। उन्होंने दावा किया कि जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, उनका लोकार्पण भी भाजपा सरकार ही करेगी।

कार्यक्रम में मंत्री ने 16 परियोजनाओं का लोकार्पण और 6 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने कहा कि कठौआ पुल से श्रृंग्वेरपुर धाम तक सड़क चौड़ीकरण होने से श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुविधाजनक होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. बीके सिंह ने कहा कि धाम के विकास में जिला पंचायत का कोष पूरी तरह उपलब्ध है और तकनीकी अनुमति मिलते ही शवदाह गृह भी बनाया जाएगा।

एमएलसी सुरेंद्र चौधरी और विधायक पूजा पाल ने भी श्रृंग्वेरपुर धाम के समग्र विकास की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने की। समारोह को संजय द्विवेदी, तुलसीराम सरोज, अमरजीत कुशवाहा, मनोज द्विवेदी, उमेश चंद्र द्विवेदी, सियाराम सरोज और उमेश तिवारी सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्यजन तथा पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button