मंदिर से लावारिस मिला बालक, ज्ञानपुर पुलिस ने आधे घंटे में परिजनों से मिलवाया

ज्ञानपुर। हरिहरनाथ मंदिर परिसर में भटके एक 9 वर्षीय बच्चे को थाना ज्ञानपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचा दिया। पुलिस की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों व परिवार वालों ने सराहना की है।
शाम करीब 6 बजे मंदिर प्रबंधन की ओर से सूचना मिली कि एक बच्चा अकेला घूमता पाया गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विश्वज्योति राय की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को संरक्षण में लेकर थाने लाई। बच्चे की पहचान कराए जाने के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर सोशल मीडिया और स्थानीय नेटवर्क पर प्रसारित की। महज 30 मिनट में बच्चे के परिवार का पता चल गया और उसे सुरक्षित उनके हवाले कर दिया गया।
बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। भदोही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के लिए पुलिसकर्मियों—प्रभारी निरीक्षक विश्वज्योति राय, कांस्टेबल अखिलेश सिंह और महिला कांस्टेबल सचिता त्रिपाठी—की सराहना की।


