अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

कैलहा क्रिकेट टूर्नामेंटः मझिलहा ने जीता फाइनल

निर्णायक मुकाबले में आर.के. स्पोर्टिंग क्लब को हराया

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). कैलहा क्रिकेट टूर्नामेंट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को विशु इलेवन मझिलहा और आर.के. स्पोर्टिंग क्लब डेरवा के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक मुकाबले में विशु इलेवन मझिलहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 रनों से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मुकाबले में विशु इलेवन मझिलहा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवर के मैच में टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और 9 ओवर की समाप्ति तक टीम केवल 64 रन ही बना सकी। एक समय टीम लड़खड़ाती नजर आ रही थी, लेकिन अंतिम ओवर में सूरज ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने राहुल की खराब गेंदों पर ताबड़तोड़ शॉट लगाते हुए 29 रन जोड़ दिए, जिससे टीम का स्कोर 94 रन तक पहुंच गया और विपक्षी टीम के सामने सम्मानजनक लक्ष्य रखा गया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर.के. स्पोर्टिंग क्लब डेरवा की टीम विशु लेबन मझिलहा की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। नितेश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक ही ओवर में तीन विकेट झटक लिए, जिससे पूरी टीम दबाव में आ गई। नतीजतन आर.के. स्पोर्टिंग क्लब की पूरी टीम 9 ओवर और दो गेंद में ऑलआउट हो गई।

इस प्रकार विशु लेबन मझिलहा ने फाइनल मुकाबला 17 रनों से जीतकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के दौरान हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने एक-एक गेंद पर रोमांचक खेल का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

पुरस्कार वितरण समारोह

फाइनल मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम विशु लेबन मझिलहा को 11,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता आर.के. स्पोर्टिंग क्लब डेरवा को 5,500 रुपये प्रदान किए गए। मैन ऑफ द सीरीज का खिताब राहुल को दिया गया, जिन्हें रेंजर साइकिल पुरस्कार स्वरूप भेंट की गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रधान मोहम्मद रहीस, मानसिंह, खालिद भाई, अशोक सिंह, अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप वर्मा, कोषाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, आयोजक व पत्रकार जितेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button