
the live ink desk. पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद आयोजित पहले गणतंत्र दिवस समारोह में भारतीय वायु सेना ने कर्तव्य पथ के ऊपर अपनी रणनीतिक क्षमता और युद्धक तैयारी का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। फ्लाई पास्ट के दौरान वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने ‘सिंदूर’ फॉर्मेशन में उड़ान भरते हुए उस कार्रवाई की याद दिलाई, जिसने सीमा पार दुश्मन के हवाई ठिकानों को ध्वस्त किया था।
इस विशेष फॉर्मेशन में दो राफेल, दो सुखोई-30 एमकेआई, दो मिग-29 और एक जगुआर फाइटर जेट शामिल रहे। ये वही विमान हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मन के एयरबेस पर सटीक हमले कर भारतीय वायु शक्ति की मारक क्षमता को सिद्ध किया था। कर्तव्य पथ के ऊपर गूंजती जेट इंजनों की आवाज ने पूरे वातावरण को राष्ट्रगौरव से भर दिया।

हर वर्ष की तरह गणतंत्र दिवस परेड का प्रमुख आकर्षण रहा वायु सेना का फ्लाई पास्ट, जिसे इस बार नई सैन्य अवधारणाओं और हालिया अभियानों के अनुरूप रूप दिया गया। वायु सेना के अनुसार, इस अवसर पर तीन प्रमुख युद्धक संरचनाएं—गरुड़, प्रहार और सिंदूर—प्रदर्शित की गईं, जो आधुनिक भारत की हवाई रणनीति का प्रतीक हैं। फ्लाई पास्ट में छह अलग-अलग वायुसेना अड्डों से उड़ान भरकर कुल 29 विमानों ने भाग लिया, जिनमें 16 फाइटर जेट, चार परिवहन विमान और नौ हेलीकॉप्टर शामिल थे।
आकाश में दिखाई गई झांकी में सुखोई-30 से ब्रह्मोस मिसाइल दागकर पाकिस्तानी एयरबेस को तबाह करने के दृश्य को भी प्रतीकात्मक रूप से उकेरा गया। यह प्रस्तुति भारत की लंबी दूरी तक सटीक प्रहार करने की क्षमता और तेज प्रतिक्रिया वाले सैन्य सिद्धांत को दर्शाती रही।
गणतंत्र दिवस परेड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने वाली फ्लाइट लेफ्टिनेंट अक्षिता धनखड़ ने इसे अपने जीवन का गर्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल वायु सेना का अभियान नहीं था, बल्कि तीनों सशस्त्र बलों की संयुक्त शक्ति का प्रदर्शन था, जो देश के युवाओं को सेना से जुड़ने के लिए प्रेरित करता है।
फ्लाई पास्ट के दौरान ‘ध्वज’, ‘गरुड़’, ‘प्रहार’, ‘सिंदूर’, ‘अर्जन’, ‘वरुण’ और ‘वज्रांग’ जैसी विविध हवाई संरचनाओं ने आकाश को जीवंत कर दिया। ‘ध्वज’ फॉर्मेशन के साथ फ्लाई पास्ट की शुरुआत हुई, जिसमें एमआई-17 हेलीकॉप्टरों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज और तीनों सेनाओं के प्रतीक फहराए गए।
वायु सेना के अनुसार, फ्लाई पास्ट में एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर, अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर, एमआई-17, भारतीय नौसेना का पी-8आई समुद्री निगरानी विमान सहित आधुनिक प्लेटफॉर्म शामिल रहे। यह संपूर्ण प्रदर्शन न केवल भारत की हवाई शक्ति का प्रदर्शन था, बल्कि यह स्पष्ट संदेश भी कि देश की सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान की रक्षा के लिए सशस्त्र बल हर समय तैयार हैं।

