पूर्व सैनिकों ने तपोवन पार्क में फहराया तिरंगा, संविधान के प्रति निष्ठा का दिया संदेश

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर वीर सेनानी पूर्व सैनिक कल्याण समिति प्रयागराज के तत्वावधान में न्यू कैंट स्थित तपोवन पार्क में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। पूर्व सैनिकों, पेंशनर साथियों और उनके परिवारजनों ने सामूहिक रूप से ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। पूरा परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा।
समारोह के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर अमर यादव (उत्तम युद्ध सेवा मेडल, सेना मेडल—सेवानिवृत्त) ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सूबेदार ईश्वर चंद्र तिवारी ने की, जबकि संचालन पूर्व सूबेदार श्याम सुंदर सिंह पटेल और जी. यादव ने संयुक्त रूप से किया। मंच पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर (पूर्व शिक्षा मंत्री), कैप्टन डी.पी.एन. सिंह (से.नि.), अपर शासकीय अधिवक्ता लेखराज सिंह, लेफ्टिनेंट मोहम्मद शाहिद उस्मानी (से.नि.), वारंट ऑफिसर प्रताप बहादुर सिंह (से.नि.) सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सजीव श्रृंखला चली। बच्चों और कलाकारों ने देशभक्ति गीतों व नृत्यों से समां बांध दिया। “ऐ मेरे वतन के लोगों”, “हर करम अपना करेंगे” जैसे गीतों पर दर्शकों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया। लालजी यादव सहित अन्य कलाकारों ने भी देशप्रेम से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भावुक बना दिया।
समारोह की विशेष उपलब्धि के रूप में विनीता हॉस्पिटल, नारायण स्वरूप हॉस्पिटल, डीआरएस हॉस्पिटल, जीवन ज्योति हॉस्पिटल और शार्प साइट आई हॉस्पिटल द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों का परीक्षण कर जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं वितरित की गईं।

इस अवसर पर मंच से लगभग 151 लोगों को सम्मान पत्र और बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। समिति के महामंत्री जी. यादव ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि स्वागत गीत कुमारी अर्पिता और कुमारी अंशिका यादव ने प्रस्तुत किया। समिति के संरक्षक पूर्व सूबेदार श्याम सुंदर सिंह पटेल ने कहा कि संस्था बीते 19 वर्षों से संपर्क, संगठन, सेवा और सम्मान के मूल्यों के साथ राष्ट्र व समाज के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर अमर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि देश का संविधान विश्वभर में सम्मानित है और उससे प्रेम करना ही सच्चा गणतंत्र है। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र रक्षा और विकास में निरंतर योगदान का आह्वान किया। डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर ने पूर्व सैनिकों के संगठनात्मक समर्पण की सराहना की।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ जलपान व मिष्ठान वितरण कर समारोह का समापन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और बच्चे शामिल रहे।



