अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

देवघाट महादेवन धाम में निर्माण विवाद गहराया, पुलिस ने रुकवाया निर्माण कार्य

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). लखनऊ–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट मोहनगंज बाजार से सटे सई नदी तट पर स्थित ऐतिहासिक बाबा देवघाट महादेवन धाम में निर्माण को लेकर गुरुवार को विवाद खड़ा हो गया।

मंदिर प्रांगण में एक पक्ष द्वारा नए गेट और बोर्ड लगाए जाने के साथ निर्माण शुरू किए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्य तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले के अंतिम निस्तारण तक किसी भी प्रकार का निर्माण या संरचनात्मक बदलाव नहीं किया जाएगा।

मंदिर प्रबंधन से जुड़े महंत रामानंद गिरी और अन्य पुजारियों ने आरोप लगाया कि एक अलग ट्रस्ट के नाम पर परिसर में हस्तक्षेप किया जा रहा है, जबकि उनका कहना है कि वर्ष 2007 से पंजीकृत संस्था के माध्यम से पूजा-अर्चना और देखरेख का कार्य संचालित होता रहा है। हाल में संस्था के नाम परिवर्तन के बाद जारी प्रमाणपत्र के आधार पर उन्होंने जिला प्रशासन से संरक्षण की मांग की है।

दूसरी ओर, संबंधित ट्रस्ट से जुड़े पक्ष का कहना है कि उन्होंने विधिवत पंजीकरण के बाद धार्मिक गतिविधियां शुरू की हैं। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया है और कहा है कि सक्षम प्रशासनिक स्तर पर निर्णय होने तक न तो निर्माण होगा और न ही नए बोर्ड या शिलापट्ट लगाए जाएंगे। मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button