शाइन सिटी घोटाले का मास्टरमाइंड राशिद नसीम UAE में गिरफ्तार

लखनऊ/प्रयागराज (आलोक गुप्ता). बहुचर्चित शाइन सिटी ग्रुप निवेश घोटाले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी राशिद नसीम को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई भारत की जांच एजेंसियों, विशेषकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के औपचारिक अनुरोध पर की गई। लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाशे जा रहे राशिद की गिरफ्तारी को एजेंसियों की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब उसके भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, राशिद नसीम पर उत्तर प्रदेश के कई जिलों, विशेषकर लखनऊ समेत विभिन्न स्थानों पर निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी और धन शोधन के आरोप दर्ज हैं। आरोप है कि उसने रियल एस्टेट और उच्च रिटर्न वाली योजनाओं का झांसा देकर हजारों निवेशकों से बड़ी रकम जुटाई और बाद में धन का दुरुपयोग किया। मामले में सैकड़ों एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस और आर्थिक अपराध शाखा ने शिकंजा कसना शुरू किया, लेकिन 2019 में राशिद देश छोड़कर दुबई फरार हो गया था।
इसके बाद ईडी और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू की। पिछले वर्ष अप्रैल में लखनऊ स्थित विशेष पीएमएलए कोर्ट ने राशिद नसीम को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कर दिया था। अदालत के इस आदेश के बाद उसकी संपत्तियों की कुर्की और जब्ती की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई।
यूएई में गिरफ्तारी के बाद अब भारतीय एजेंसियां उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत भारत लाने की तैयारी में जुट गई हैं। माना जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी से घोटाले से जुड़े वित्तीय नेटवर्क, सहयोगियों और धन के प्रवाह को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पीड़ित निवेशकों के लिए यह कार्रवाई न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

