अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

ट्यूशन से लौट रहे छात्र को अगवा करने की कोशिश, सतर्कता से हुआ बचाव

घटना से इलाके में दहशत, परिजनों ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह)। घूरपुर क्षेत्र में मंगलवार शाम ट्यूशन से घर लौट रहे एक स्कूली छात्र को अगवा करने का प्रयास किया गया। हालांकि छात्र की सूझबूझ और बदमाशों की पकड़ ढीली पड़ने से वह उनके चंगुल से निकलकर सुरक्षित घर पहुंच गया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

नहर पुलिया के पास हुई वारदात

जानकारी के अनुसार इरादतगंज रीवा रोड निवासी कपड़ा व्यवसायी विनोद केसरवानी का 12 वर्षीय पुत्र लक्ष्य केसरवानी दांदुपुर स्थित जेपीएस पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है। मंगलवार को स्कूल से लौटने के बाद वह घर से लगभग दो किलोमीटर दूर बोगी गांव स्थित एक इंटर कॉलेज में ट्यूशन पढ़ने गया था।

शाम करीब छह बजे जब वह ट्यूशन से अकेले घर लौट रहा था, तभी स्कूल से कुछ दूरी पर नहर पुलिया के पास बाइक सवार एक नकाबपोश व्यक्ति ने पीछे से उसे पकड़ लिया और जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया।

शर्ट की बटन टूटने से बचा छात्र

बताया जा रहा है कि बदमाश ने छात्र की शर्ट का कॉलर पकड़कर उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान शर्ट का बटन टूट गया और छात्र उसके हाथ से छूटकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके का फायदा उठाकर वह तुरंत वहां से भाग निकला और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

पास में खड़ी थी संदिग्ध वैन

छात्र ने परिजनों को बताया कि बाइक से थोड़ी दूरी पर काले रंग की एक मारुति वैन भी खड़ी थी। घटना के बाद बाइक सवार और वैन सवार लोग तेजी से रीवा रोड की दिशा में फरार हो गए। बाइक की नंबर प्लेट पर काले रंग का बैग भी लटका हुआ बताया गया है, जिससे नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था।

परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार

घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र के पिता विनोद केसरवानी बुधवार को घूरपुर थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की है।

घटना से सहमा परिवार

इस घटना के बाद छात्र काफी सहमा हुआ है और परिवार भी दहशत में है। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि बदमाश किस मंशा से छात्र को अगवा करने की कोशिश कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि यह फिरौती के उद्देश्य से अपहरण का प्रयास हो सकता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button