24 घंटे में चोरी का खुलासा, 82 टायर और गाड़ी के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). जनपद के कौंधियारा और घूरपुर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने चोरी की एक बड़ी वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर विभिन्न कंपनियों के 82 छोटे-बड़े टायर और घटना में प्रयुक्त बोलेरो नियो वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 मार्च को कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार निवासी दिलीप कुमार केसरवानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनकी दुकान से करीब 100 बाइक और ऑटो के टायर चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए टायरों की कीमत लगभग पौने दो लाख रुपये बताई गई थी। इस मामले में कौंधियारा थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कौंधियारा और घूरपुर थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। इसी क्रम में 14 मार्च को मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कौंधियारा क्षेत्र के सड़वा इलाके से सर्वेश मिश्रा उर्फ पप्पू मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही से चोरी के 82 टायर तथा घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो नियो (नंबर UP72 BU9807) बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर टायर चोरी करता था और उन्हें बेचकर मिलने वाले पैसों से अपने तथा परिवार के शौक पूरे करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी सर्वेश मिश्रा उर्फ पप्पू मिश्रा (37 वर्ष) ग्राम छीडी, थाना बारा, जनपद प्रयागराज का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित साथियों की तलाश भी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक घूरपुर दिनेश कुमार सिंह, एसआई अमित यादव, एसआई कुलदीप शर्मा, एसआई सुनील कुमार सिंह, कांस्टेबल आशीष सिंह, सूर्यकुम्र, जवाहरलाल, राहुल यादव, अमित यादव शामिल रहे।

