प्रयागराज कमिश्नरेटः बारा, झूंसी और कर्नलगंज में नए ACP की तैनाती

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किया गया है। जारी आदेश के तहत बारा, झूंसी और कर्नलगंज सर्किल में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर पर नई तैनातियां की गई हैं।
आदेश के मुताबिक, झूंसी सर्किल में तैनात एसीपी विमल किशोर मिश्र को कर्नलगंज सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे शहर का अहम और संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। वहीं, शिकायत प्रकोष्ठ से संबद्ध एसीपी वेद व्यास मिश्र को बारा सर्किल का प्रभार दिया गया है। उनके पास पूर्व का दायित्व भी यथावत रहेगा।
इसके अलावा, पूर्व में बारा सर्किल संभाल चुकीं कुंजलता को झूंसी सर्किल का नया एसीपी बनाया गया है। उनके पास महिला अपराध एवं लेखा से जुड़ा कार्यभार भी पहले की तरह रहेगा।
पुलिस आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी निर्देश में सभी अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के आदेश दिए गए हैं। संबंधित इकाइयों और थानों को भी नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश भेजे गए हैं।
प्रशासनिक स्तर पर इस बदलाव को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी कड़ी करने और कानून-व्यवस्था पर सीधी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।


