सामाजिक भेदभाव और मतभेद भी दूर करती है होलीः रजनीकांत

चित्रगुप्त वंशज सभा का होली मिलन समारोह, सामाजिक एकता और भाईचारे पर जोर
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). चित्रगुप्त वंशज सभा, यमुनापार, प्रयागराज के तत्वावधान में होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और सामाजिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लेकर आपसी सौहार्द और एकजुटता का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि रजनीकांत श्रीवास्तव (भाजपा प्रांत सहसंयोजक) ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक दूरी और मतभेद को समाप्त कर आपसी विश्वास और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज को जोड़ने में उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के आयोजन के लिए सभा के अध्यक्ष शैलेंद्र श्रीवास्तव और महामंत्री जीत श्रीवास्तव सहित पूरी टीम की सराहना की गई। वक्ताओं ने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
समारोह के दौरान यह प्रस्ताव रखा गया कि आगामी वर्ष होली मिलन कार्यक्रम को और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें यमुनापार क्षेत्र के अधिकाधिक कायस्थ समाज के लोगों को शामिल करने का प्रयास होगा।
इस अवसर पर अजय श्रीवास्तव, मयंक सक्सेना, अमरीश कांत श्रीवास्तव, विनोद श्रीवास्तव, नीरज सिन्हा, राहुल श्रीवास्तव, संजीव, गोपाल, रेखा श्रीवास्तव और कुमारी रिद्धि सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बच्चों ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन अजय श्रीवास्तव ने किया। अंत में सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए समाज में एकता और सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया गया।

