अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

सुशील कुमार दुबे ने संभाला कार्यभार, ACP को दी भावभीनी विदाई

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शंकरगढ़ थाना परिसर में बुधवार को एक सादे कार्यक्रम में नव नियुक्त थानाध्यक्ष सुशील कुमार दुबे का जोरदार स्वागत किया गया, जबकि पदोन्नति के बाद सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) बने यशपाल सिंह को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान सम्मान और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।

नवागत थानाध्यक्ष सुशील कुमार दुबे के स्वागत में उपस्थित लोगों ने पुष्पगुच्छ और मालाएं भेंट कर उनका अभिनंदन किया। स्थानीय लोगों, व्यापारियों ने कहा कि उनकी कार्यशैली, अनुभव और नेतृत्व क्षमता से शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। लोगों ने उनसे अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और आम जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार की अपेक्षा जताई।

शांति, सुरक्षा और कानून का क्रियान्वयन प्राथमिकता

नवागत एसओ सुशील कुमार दुबे ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस और जनता के बीच समन्वय को मजबूत किया जाएगा तथा शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और तत्परता बरती जाएगी।

शंकरगढ़ वासियों का सहयोग अविस्मरणीयः यशपाल

वहीं, एसीपी पद पर पदोन्नत हुए यशपाल सिंह के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में उनके कार्यकाल को विस्तार से याद किया गया। यशपाल सिंह ने कहा कि शंकरगढ़ में बिताया गया समय उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण और यादगार रहेगा। उन्होंने सहयोग के लिए पुलिस टीम और स्थानीय नागरिकों का आभार जताया तथा नए थानाध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।

स्थानीय व्यापारियों व संभ्रांत नागरिकों ने कहा कि यशपाल सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए। उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन और टीम भावना की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

विदाई के दौरान माहौल भावुक हो उठा, जब सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने यशपाल सिंह के साथ बिताए अनुभव साझा किए। कई लोगों ने उनके सरल स्वभाव और जनसरोकारों के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन आपसी संवाद और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें पुलिस-जन सहयोग को और मजबूत बनाने पर बल दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button