UPESSC: 18-19 अप्रैल को होगी असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने असिस्टेंट प्रोफेसर (Assistant Professor) भर्ती की पुनर्परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 18 और 19 अप्रैल को प्रदेश के छह प्रमुख शहरों—आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी—में बनाए गए 53 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।


आयोग द्वारा जारी सूचना के मुताबिक परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी 15 अप्रैल से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। बिना वैध एडमिट कार्ड के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आयोग (UPESSC) के उप सचिव संजय सिंह ने बताया कि 18 अप्रैल को पहली पाली में एशियन कल्चर, म्यूजिक (तबला), फिजिकल एजुकेशन, उर्दू, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, केमिस्ट्री एजुकेशन और जूलॉजी सहित नौ विषयों की परीक्षा होगी। वहीं दूसरी पाली में बॉटनी, एग्रीकल्चरल इकोनॉमिक्स, हिंदी, विधि, पशुपालन एवं डेयरी, म्यूजिक (वोकल), दर्शनशास्त्र और मानवशास्त्र समेत आठ विषयों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इसी क्रम में 19 अप्रैल को पहली पाली में हॉर्टिकल्चर, मिलिट्री साइंस एवं डिफेंस स्टडीज, ड्राइंग, गृह विज्ञान, संस्कृत, इतिहास, गणित और भूगोल विषयों की परीक्षा प्रस्तावित है। जबकि दूसरी पाली में सांख्यिकी, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, प्राचीन इतिहास, वाणिज्य, म्यूजिक (सितार) और भौतिकी विषयों के लिए परीक्षा कराई जाएगी।
आयोग (UPESSC) ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे Assistant Professor परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों और अद्यतन सूचनाओं के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।
