Police Encounter में 25-25 हजार के दो इनामिया गिरफ्तार

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में वांछित दो इनामी आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घटना अंतू थाना क्षेत्र के बैजलपुर पुल के पास की है, जहां शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हुआ।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।
मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी विवेक पांडेय उर्फ ऋषिक पांडेय, निवासी दसियापुर, के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। उसके साथ मौजूद दूसरे आरोपी विपिन तिवारी, निवासी रायबीर जानीपुर, थाना अंतू, को भी बिना किसी चोट के गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी हत्या के एक मामले में फरार चल रहे थे और प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के दौरान विवेक पांडेय के पास से हत्या में प्रयुक्त एक अवैध 32 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को पहले स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने पकड़कर स्थानीय पुलिस को सौंपा था। इसके बाद हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस टीम उन्हें बैजलपुर पुल के पास लेकर गई, जहां मौके का फायदा उठाकर विवेक पांडेय ने फायरिंग कर दी, जिससे मुठभेड़ की स्थिति बन गई।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस ने बड़ी सफलता माना है, जिससे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर सख्ती का संदेश गया है।



