उत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

DIGITAL जनगणना 2027: सात मई से स्वगणना, 22 से हाउस लिस्टिंग

भदोही (संजय सिंह). आगामी जनगणना-2027 को आधुनिक और त्रुटिहीन बनाने के उद्देश्य से जनपद भदोही में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार जारी है, जिसमें डिजिटल प्रणाली के माध्यम से गणना कार्य को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

22 मई से शुरू होगा पहला चरण

प्रशासन के अनुसार, जनगणना का प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं आवास गणना—22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा। इस अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक भवन, परिवार और उपलब्ध सुविधाओं का विवरण दर्ज करेंगे।

तीन दिन का दो बैच में प्रशिक्षण

जनगणना निदेशालय से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को दो बैचों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये प्रशिक्षक आगे प्रगणकों और सुपरवाइजरों को क्षेत्र स्तर पर प्रशिक्षण देंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया में एकरूपता बनी रहे।

पहली बार डिजिटल जनगणना

इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा। इसके लिए एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) ऐप का उपयोग किया जाएगा, जिसके जरिए आंकड़े सीधे सर्वर पर वास्तविक समय में अपलोड होंगे। इससे डेटा संग्रहण की गति बढ़ेगी और त्रुटियों की संभावना कम होगी।

33 बिंदुओं पर देनी होगी जानकारी

प्रगणकों को अपने आवंटित क्षेत्रों में भौतिक रूप से जाकर नक्शा तैयार करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही प्रत्येक परिवार से संबंधित 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी, जिसमें आवासीय सुविधाएं, सामाजिक-आर्थिक विवरण आदि शामिल होंगे।

नागरिकों को स्वगणना का विकल्प

जनगणना-2027 में पहली बार नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी गई है। इसके लिए 7 मई से 21 मई 2026 तक ऑनलाइन स्वगणना पोर्टल उपलब्ध रहेगा, जिससे प्रक्रिया में जनसहभागिता बढ़ने की उम्मीद है।

जिले में कई सेंटर्स पर प्रशिक्षण

जनपद के विभिन्न तहसीलों और नगर निकाय क्षेत्रों में अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं। ज्ञानपुर, गोपीगंज, औराई, घोसिया और खमरिया समेत कई स्थानों पर विद्यालयों और सभागारों में प्रशिक्षण सत्र आयोजित हो रहे हैं।

गोपनीयता और निष्पक्षता की शपथ

प्रशिक्षण के समापन पर सभी कर्मचारियों और शिक्षकों को निष्पक्षता, गोपनीयता और पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई। प्रशासन का मानना है कि प्रशिक्षित कार्मिक इस महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button