CLS Care & Cure हास्पिटल लगा रहा है हेल्थ कैंप, निशुल्क कराएं जांच
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से 26 अप्रैल को शंकरगढ़ के रानीगंज स्थित सीएलएस केयर एंड क्योर हॉस्पिटल में एक विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा।
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस शिविर में हड्डी एवं जोड़ रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और थायराइड सहित एक दर्जन से अधिक बीमारियों की जांच और परामर्श एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, क्षेत्र के सैकड़ों मरीजों के पहुंचने की संभावना है, जिससे स्थानीय स्तर पर प्राथमिक और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को आंशिक रूप से पूरा किया जा सकेगा।
शिविर के संयोजक डॉ. प्रमोद सिंह ने बताया कि मरीजों के लिए मुफ्त जांच के साथ दवाइयों की भी व्यवस्था की गई है। विशेषज्ञों की टीम में ऑर्थोपेडिक, स्त्री रोग, नेत्र और जनरल मेडिसिन के चिकित्सक शामिल होंगे।
डिजिटल एक्स-रे, पैथोलॉजी जांच और ईसीजी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी, जिससे मौके पर ही प्रारंभिक निदान संभव हो सकेगा। विशेष रूप से सर्वाइकल, सियाटिका, स्पॉन्डिलाइटिस, स्लिप डिस्क, गठिया और घुटने के दर्द जैसी समस्याओं के लिए अलग परामर्श काउंटर बनाए गए हैं।
महिला स्वास्थ्य पर भी विशेष फोकस रखा गया है, जिसमें गर्भवती महिलाओं की जांच, परिवार नियोजन परामर्श, माहवारी संबंधी समस्याएं और बांझपन से जुड़े मामलों का समाधान किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, यह शिविर स्वर्गीय छेदी लाल सिंह की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है और इसका उद्देश्य ग्रामीण आबादी को निःशुल्क, सुलभ और बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी की अपील की गई है, ताकि इस पहल का व्यापक लाभ मिल सके।


